विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का पहला मुकाबला 14 जनवरी को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। BCCI ने टूर्नामेंट के लिए वडोदरा और मुंबई को वेन्यू चुना है। शुरुआती 11 मुकाबले 14 से 24 जनवरी तक वडोदरा में खेले जाएंगे। इसके बाद 26 जनवरी से मुंबई में लीग के बाकी मैच होंगे। लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला 3 फरवरी को दिल्ली कैपिटल्स और UP वॉरियर्स के बीच होगा। एलिमिनेटर 5 फरवरी और फाइनल 7 फरवरी को खेला जाएगा। टूर्नामेंट में पांच टीमें हिस्सा लेंगी। लीग स्टेज में हर टीम बाकी चार टीमों से दो-दो बार भिड़ेगी। इस तरह 20 लीग मैच होंगे। एलिमिनेटर और फाइनल को मिलाकर कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। पूरा टूर्नामेंट 25 दिन में होगा। RCB और MI 2-2 बार की चैंपियन RCB ने 2022 और 2026 का खिताब जीता था। मुंबई भी दो बार चैंपियन रह चुकी है। दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला 26 जनवरी को मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में होगा। UP वॉरियर्स की शुरुआत गुजरात जायंट्स के खिलाफ UP वॉरियर्स अपना पहला मैच 15 जनवरी को गुजरात जायंट्स के खिलाफ खेलेगी। हालिया नीलामी में UP वॉरियर्स ने कई बड़े खिलाड़ियों को खरीदकर चर्चा बटोरी थी। टीम ने ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यू को 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा और ग्रेस हैरिस को भी वापस टीम में शामिल किया। दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला मुकाबला 16 जनवरी को RCB के खिलाफ खेलेगी। दिल्ली की टीम अब तक चार बार फाइनल में पहुंच चुकी है, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी है। विमेंस प्रीमियर लीग ऑक्शन में 25 खिलाड़ी बिकीं 28 अक्टूबर को WPL के पांचवें सीजन के ऑक्शन में 25 प्लेयर्स को खरीदा गया। इसमें 18 भारतीय और 7 विदेशी रहीं। ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यूक्स को यूपी वॉरियर्स ने सबसे ज्यादा 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा। भारतीय ऑलराउंडर स्नेह राणा 30 लाख रुपए में यूपी की टीम में शामिल हुईं। कोच्चि में हो रहे ऑक्शन में किरण नवगिरे को दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख और जी कमलिनी को गुजरात जायंट्स ने 40 लाख रुपए में खरीदा। ---------------------- यह खबर भी पढ़ें… विमेंस प्रीमियर लीग ऑक्शन में यूपी ने 6 ऑलराउंडर खरीदे विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 ऑक्शन में पांचों टीमों ने अपनी जरूरत के हिसाब से स्क्वॉड में बदलाव किए। यूपी वॉरियर्ज ने 6 ऑलराउंडर्स पर भरोसा जताया। RCB ने अपने कोर ग्रुप को मजबूत किया। मुंबई इंडियंस ने भारतीय खिलाड़ियों की बेंच स्ट्रेंथ बढ़ाई। पढ़ें पूरी खबर…