भास्कर न्यूज | बाड़मेर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मायभारत बाड़मेर ने एमबीसी राजकीय कन्या महाविद्यालय में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया। इस वर्ष का मुख्य विषय एक राष्ट्र, एक चुनाव रहा। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनावी प्रक्रिया, देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। महाविद्यालय के प्राचार्य मुकेश पचौरी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने युवाओं से प्रभावी संप्रेषण पर जोर दिया। तार्किक अभिव्यक्ति पर जोर दिया। आत्मविश्वास के साथ विषय-वस्तु रखने की बात कही। जिला युवा अधिकारी पंकज माड़ेचा ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद का आयोजन देश के प्रत्येक जिले में किया जा रहा है। जिला स्तर पर शीर्ष तीन प्रतिभागियों को राजस्थान में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर के 3 विजेताओं को संसद के सेंट्रल हॉल में विचार रखने का मंच दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सहायक आचार्य दिनेश विश्नोई ने एक राष्ट्र, एक चुनाव के संदर्भ पर जानकारी दी। प्रतियोगिता में चेष्टा जोशी ने प्रथम स्थान हासिल किया। मयंक शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। सानिया राजपुरोहित तीसरे स्थान पर रहीं। आयोजकों के अनुसार, मंच का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा का अवसर देना है।